अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। तापमान मार्च में ही 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। जिस कारण लोगों को मई जैसी गर्मी सहन करनी पड़ रही है। शनिवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया। जिसके बाद तापमान में गिरावट आई। रविवार को कुछ एरिया में मामूली बारिश की संभावना है।
मार्च के आखिरी सप्ताह में गर्मी ने रिकार्ड बनाया। शुक्रवार को तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। शनिवार को तापमान में मामूली गिरावट रही। तापमान 40 डिग्री रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया। आसमान में बादल छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार मार्च में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम में बदलाव रहेगा। कुछ क्षेत्र में मामूली बारिश हो सकती है। तापमान में कुछ गिरावट आएगी। 3 अप्रैल के बाद तापमान में दोबारा से उछाल आएगा।
एचएयू मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खिच्चड़ ने कहा कि इस बार मार्च महीना पिछले साल की तुलना में कम गर्म रहा। आखिरी तीन दिन में तापमान में उछाल आया है।