अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। चार वर्षों से स्वीकृत ट्रेन रेवाड़ी-सादलपुर रेलवे ट्रैक पर नहीं चल पाई हैं। इस को लेकर दैनिक रेलयात्री महासंघ में रोष व्याप्त है। पिछले चार वर्ष में 50 से अधिक ज्ञापन दिए जा चुके हैं जबकि सांसद की ओर से भी दस बार पत्र लिखे जा चुके हें। उसके बाद भी रेलमंत्री की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही।
दैनिक रेलयात्री महासंघ के प्रधान रामनिवास पाटोदा ने बताया कि रेल मंत्री पीयूष गोयल अपने ट्विटर अकाउंट पर 900 रेलवे रेक बनाने का दावा कर रहे हैं। लेकिन उनके दावे उत्तर पश्चिम जोन में फेल हो जाता है। उन्होंने बताया कि चार वर्षों से रेवाड़ी-सादलपुर ट्रैक वाया महेंद्रगढ़ में सात ट्रेन पास हो चुकी हैं परंतु अभी तक एक भी ट्रेन नहीं चल पाई है। उन्होंने बताया कि जब भी वो रेल मंत्रालय में रेकों की कमी होने का जवाब मिलता है जबकि रेलमंत्री नौ महीने में 900 डिब्बों का उत्पादन होने का दावा कर रहे हैं। इसमें या रेलमंत्री सरकार का झूठा प्रचार कर रहे हैं या फिर रेल मंत्रालय केंद्रीय राज्यमंत्री, सांसद और दैनिक रेलयात्री महासंघ को गुमराह कर रहे हैं।
केंद्र सरकार में न तो सांसद की चल रही और न ही केंद्रीय राज्यमंत्री की
बता दें कि वर्तमान की केंद्र सरकार में न तो सांसद की चल रही और न ही केंद्रीय राज्य मंत्री। रामनिवास पाटोदा ने बताया कि उक्त सात ट्रेन के लिए सांसद चौधरी धर्मबीर दस बार और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने भी आठ बार रेलमंत्री को लिख चुके हैं। परंतु उनके लेटर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं दैनिक रेलयात्री संघ लगभग 50 बार रेलमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंप चुके हैं।