लोगों को आपदा प्रबंधन की जानकारी दी
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सोमवार को रेडक्रास सेंट जॉन भवन में प्राथमिक सहायता के प्रशिक्षणार्थियों को आपदा प्रबंध की जानकारी देने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया।
जिला रेडक्रास समिति के सचिव मनोरंजन शर्मा और जिला प्रशिक्षण अधिकारी प्रेमप्रकाश ने प्राथमिक सहायता के बारे में बताया। फायर ब्रिगेड से देवेंद्र कुमार ने साधारण, घरेलू और कृषि आग (अग्नि) के कारणों के बारे में बताया। साथ ही आग लगने पश्चात इसको रोकने के विभिन्न तरीकों, बचाव विधि से रोगी को क्षतिग्रस्त भवन से उतारना और आग बुझाने के बारे में बताया। अधिवक्ता गिरीबाला ने आपदा के बाद आपदाग्रस्त व्यक्तियों के लिए कानून में उपलब्ध विभिन्न सहायता प्रावधानों के बारे में बताया। सभी वक्ताओं ने प्रतिभागियों से इस पूरी जानकारी को अपने परिवार और मित्रों के साथ साझा करने का अनुरोध किया। टेकचंद यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को प्राकृतिक, मानव जनित और विभिन्न प्रकार की आपदा से बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी।