रेलवे ने प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर शुक्रवार को आरक्षित टिकटों की बुकिंग के लिए रिजर्वेशन काउंटर खोल दिए हैं। 61 दिनों बाद बीकानेर मंडल ने रिजर्वेशन काउंटर खोले हैं। सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक टिकट बुक की गई। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ टिकट बुक की गई। पहले दिन 11 यात्रियों ने आरक्षित टिकटों की बुकिंग करवाई। इससे रेलवे को 10305 रुपये मिले।
भारतीय रेलवे ने सभी जोनल रेलवे के आरक्षित टिकटों की बुकिंग के लिए रिजर्वेशन काउंटर खोलने के निर्देश दिए। रेलवे एक जून से 200 नई स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन शुरू करेगा। इन ट्रेनों के लिए ही आरक्षित टिकटों की बुकिंग की जा रही है। महेंद्रगढ़ में पहले दिन 11 यात्रियों ने आरक्षित टिकट बुक करवाई है। इनमें सबसे अधिक यात्री बिहार जाने वाले हैं।
दिल्ली अपने साधन से जाना होगा
यात्रियों को दिल्ली तक अपने साधन से जाना होगा। दिल्ली से उनको ट्रेन की सुविधा मिल पाएगी। सादलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी ट्रैक पर चलने वाली 28 गाड़ियों में से एक भी गाड़ियों के लिए यात्रियों को अभी और इंतजार करना होगा। बीकानेर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिला स्तरीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रिजर्वेशन काउंटर खोल दिए हैं। शुक्रवार से बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, हिसार, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ स्टेशनों पर रिजर्वेशन काउंटर खोले गए हैं। काउंटर प्रतिदिन शाम तीन बजे तक प्रतिदिन चालू रहेंगे। लोहारू, सतनाली, कनीना और डहीना आदि स्टेशनों पर अभी इसकी शुरूआत नहीं हुई है।
जुलाई से एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने के आसार
सादलपुर-महेंद्रगढ़-रेवाड़ी ट्रैक पर जुलाई में ट्रेनें शुरू हो सकती हैं। इस रूट पर 28 एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनें चलती थीं। लॉकडाउन के कारण अभी यह सभी ट्रेन बंद हैं। इस रूट पर चलने वाली सभी 18 एक्सप्रेस ट्रेन बुकिंग की साइट पर आरक्षित की सूची में डाल दी है। अभी इन गाड़ियों की आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू नहीं की गई है। कुछ ट्रेनों की बुकिंग 2 जुलाई से दिखाई गई है। ट्रेन चलाने के लिए बीकानेर मंडल रेलवे मंत्रालय से जारी नोटिफिकेशन का इंतजार करेगा। अगर रेल मंत्रालय से गाड़ी पहले चलने का समय दिया गया तो पहले भी चलाई जा सकती हैं। पैसेंजर ट्रेनों के चलने की अभी कोई उम्मीद दिखाई नहीं दे रही।
बिना मास्क नहीं मिलेगी टिकट
सोशल डिस्टेंस के लिए रेलवे स्टेशन पर एक एक मीटर की दूरी पर सफेद रंग के गोले बनाए गए हैं। हर एक गोले में एक ही व्यक्ति खड़ा होगा। बिना मास्क पहुंचने वाले किसी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर पानी, साबुन भी उपलब्ध कराया गया है।
शुक्रवार से रिजर्वेशन काउंटर खोल दिया है। पहले दिन सात फॉर्म पर 11 यात्रियों की टिकट बुक की गई। इनसे 10305 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। प्रतिदिन बुकिंग का समय सुबह आठ से 3 बजे तक रहेगा। सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा।
- जगदीश प्रसाद, स्टेशन अधीक्षक, महेंद्रगढ़।