अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। लोक निर्माण विभाग ने करोड़ों रुपये खर्च कर बहरोड़ राजस्थान बार्डर से नांगल चौधरी तक करीब 10 किलेामीटर लंबी सड़क का निर्माण करवा दिया। सड़क पर नियामतपुर के पास बने मोड़ पर विभाग संकेतक लगाना भूल गया है। मार्ग पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहन चालकों को मोड़ पर सामने से वाहन नजर नहीं आने पर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इससे वाहन चालकों के लिए परेशानी कम होने का नाम नही ले रही है।
नांगल चौधरी से बहरोड़ सड़क मार्ग नियामतपुर मौरूंड के पास से राजस्थान सीमा को लिंक करता है। इससे मार्ग पर बहरोड़ से नेशनल हाईवे आठ भी कनेक्ट करता है। मार्ग पर दिनरात सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है। विभाग ने जर्जर मार्ग की चौड़ाई बढ़ाकर गत वर्ष करोड़ों की लागत से रि-निर्माण करवा दिया। इससे वाहनों गति और संख्या में भी इजाफा हुआ। मार्ग पर नियामतपुर मौरूंड बस स्टैंड से पूर्व घुमावदार मोड़ है। मोड़ पर गति नियंत्रित का संकेतक बोर्ड भी नहीं है। इससे मोड़ पर दुर्घटना का पर्याय बना हुआ है। रात के समय दुर्घटना की आशंका ओर बढ़ जाती है। ग्रामीण भी बढ़ते दुर्घटना के चलते विभागीय अधिकारियों से कई बार मोड़ पर संकेतक लगाने की मांग कर चुके हैं।
वर्जन
उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। सड़क मार्ग पर बने मोड़ की स्थिति बारे पता किया जाएगा। इसके बाद यदि जरूरी हुआ तो मोड़ पर संकेतक बोर्ड लगवा दिया जाएगा।
- सज्जन कुमार, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग नारनौल।