अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। लोकसभा आम चुनाव-2019 के लिए तारीख का एलान हो चुका है। ऐसे में जिले में आदर्श चुनाव आचार संहित की शत-प्रतिशत पालना के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां की जा रही हैं। निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव करवाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उक्त बात डीसी व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गरिमा मित्तल ने सोमवार को जिला लघु सचिवालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही।
डीसी ने कहा कि किसी भी प्रजातांत्रिक देश में मीडिया का अहम रोल रहता है। सभी मीडियाकर्मी विज्ञापन व खबरों के प्रकाशन करते समय चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। पेड न्यूज न छापें। जिले में इस काम पर नजर रखने के लिए मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी बनाई गई है। साल 2014 के बाद देश में सोशल मीडिया की पहुंच अधिक बढ़ी है। कोई भी राजनीतिक दल या नागरिक सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करे।
डीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। तकनीकी टीम पता करेगी कि अफवाह फैलाने वाला संदेश कहां बना और किस-किस ने इसे अग्रेसित किया है। ऐसे करने वालों पर चुनाव आयोग तो कार्रवाई करेगा ही साथ ही आईटी एक्ट में भी मामला दर्ज होगा। इस मौके पर एडीसी विक्रम सिंह व एसडीएम जगदीश शर्मा के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
राजनीतिक दलों से एजेंट की सूची देने का निर्देश
लोकसभा आम चुनाव के लिए आचार संहिता लागू हो चुकी है। सभी राजनीतिक पार्टियां बूथ लेवल एजेंट की सूची दो दिन के अंदर उपलब्ध करवाएं, ताकि समय रहते सभी प्रकार की प्रक्रिया पूरी की जा सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गरिमा मित्तल ने सोमवार को जिले की विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधियों की बैठक में कही। डीसी ने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया है। अब भी कोई दल या उसका एजेंट चाहे तो और भी प्रशिक्षण ले सकते हैं, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार का संशय न रहे। इस मौके पर एडीसी विक्रम सिंह व एसडीएम जगदीश शर्मा के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।