लुदाना गांव में उस समय हंगामा हो गया, जब सोनीपत के निजामपुर गांव के
ग्रामीणों ने एक प्रेमी जोडे़ के साथ मारपीट करके उन्हें अधमरा कर दिया।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेसुध
प्रेमी युगल को गंभीर हालत में खानपुर अस्पताल में भेज दिया, जहां प्रेमी
युगल की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला ऑनर किलिंग के प्रयास का बताया
जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एक अज्ञात युवक सोनीपत जिले के
निजामपुर गांव से एक 19 वर्षीय लड़की को भगाकर ले आया। लड़की के परिजनों को
घटना का पता लगा तो वे दोनों की तलाश में जुट गए। कई घंटों की मशक्कत के
बाद ग्रामीणों ने प्रेमी युगल को ढूंढ निकाला और लुदाना गांव के पास लाकर
पीटना शुरू कर दिया। प्रेमी जोडे़ को मारते हुए देखकर ग्रामीणों ने मामले
की सूचना पुलिस को दी। लुदाना चौकी प्रभारी एएसआई कुलवंत अपनी टीम के साथ
मौके पर पहुंच गए और भारी मशक्कत के बाद बेसुध हालत में पहुंचे प्रेमी युगल
को छुड़वाया। इस मामले में सोनीपत की बड़ोदा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बड़ोदा
पुलिस ने बताया कि लड़की के परिजनों ने थाने में शिकायत दी हुई है। मामला
बड़ोदा पुलिस का होने के कारण जींद पुलिस ने बेसुध प्रेमी युगल को सोनीपत
पुलिस के हवाले कर दिया। प्रेमी युगल को इलाज के लिए खानपुर पीजीआई में ले
जाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस कप्तान
बलवान सिंह राणा ने कहा कि बेसुध हालत में पहुंचे प्रेमी युगल को सोनीपत
पुलिस के हवाले कर दिया। आगे की कार्रवाई सोनीपत पुलिस ही करेगी।