हरियाणा में हिसार रोड पर एक मैरिज पैलेस के पास से अज्ञात व्यक्ति कार का शीशा तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कार मालिक राकेश भाटिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह घर से 50 हजार रुपये लेकर चला था।
इसके बाद उसने बैंक से एक लाख रुपये और निकलवाए। डेढ़ लाख रुपये एक बैग में डालकर कार में रखकर दुकान पहुंचा। उसने बताया कि वह कार को दुकान के बाहर खड़ी कर अंदर चला गया।
जब वह दस मिनट बाद दुकान से बाहर आया तो उसने देखा कि कार का चालक की ओर वाला शीशा टूटा हुआ था और कार में रखा रुपयों से भरा थैला गायब था। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की सूचना मिलने पर सीआईए पुलिस तथा शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राकेश भाटिया की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों पर केस दर्ज कर लिया है।