कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में आयोजित स्टार्टअप सक्सेस वार्तालाप का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल ने कहा कि युवा आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्पता के साथ नवाचार एवं उद्यमिता की ओर बढे़। कुवि नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए विवि में इंक्यूबेशन सेंटर, कुटिक केंद्र सहित रोजगार सृजन केंद्र को बनाए गए हैं। विश्वविद्यालय नवाचार को प्रोत्साहित करने और शैक्षणिक ज्ञान को वास्तविक व्यापारिक चुनौतियों से जोड़ने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
प्रो. सिद्धार्थ भारद्वाज ने पहले दिन की विस्तृत रिपोर्ट साझा की। वहीं डॉ. सलोनी पवन दीवान ने वार्तालाप के सार संक्षेप को प्रस्तुत किया और इसे भविष्य के उद्यमियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। फाइंडॉक के कार्यकारी निदेशक नितिन शाही ने स्टार्टअप के लिए वित्तीय रणनीतियों और निवेश योजना पर अपनी विशेषज्ञता साझा की।
एमडीआई गुरुग्राम की संकाय सदस्य और प्लेसमेंट अध्यक्ष डॉ. कीर्ति शर्मा ने व्यापार रणनीतियों, बाजार गतिशीलता, और स्टार्टअप इकोसिस्टम में नेतृत्व पर महत्वपूर्ण अंतर्दृष्टि प्रदान की। वहीं मेराकी एड्स की सीईओ हीना कटारिया ने विज्ञापन और ब्रांडिंग क्षेत्र में अपनी उद्यमशीलता यात्रा साझा करते हुए आज के डिजिटल युग में रचनात्मक विपणन और ब्रांड पोजिशनिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर विभागाध्यक्ष प्रो. सुशील शर्मा, संयोजक प्रो. सिद्धार्थ भारद्वाज, डॉ. राजन शर्मा, संगठन सचिव, डॉ. उत्कर्ष मंगल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।