संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नेशनल हाईवे 44 पर गांव उमरी के निकट नोएडा से वैष्णो देवी के लिए निकले तीन दोस्तों की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक की शिनाख्त दीपांकर दास के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी है। वहीं चिकित्सकों ने अमन की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ और राज को दिल्ली रेफर किया है।
घटना सुबह छह बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना पाकर पर थाना सदर से सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह व हवलदार सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भिजवाया। पुलिस के मुताबिक नोएडा वासी दीपांकर दास, अमन व राज नोएडा से वैष्णो देवी के लिए रविवार को अल सुबह बाइक से माता वैष्णो देनी का दर्शन करने के लिए निकले थे। करीब सुबह छह बजे उमरी के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से तीनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए, दीपांकर दास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमन व राज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दीपांकर दास के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया। यहां अमन की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ तथा राज को दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस ने युवकों के वारिसों को सूचना भेज दी है।