संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा बनाने के उद्देश्य से 15 जून को सुबह छह बजे पवित्र ब्रह्मसरोवर पर प्रदेश स्तरीय योग मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पांच किलोमीटर योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके लिए अब तक 10 हजार युवाओं योग पंजीकरण करवा चुके हैं।
उपायुक्त नेहा सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में योग मैराथन की तैयारी के लिए पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए दो मिनट का मौन भी रखा। उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस मैराथन में हिस्सा लेकर सरकार की योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा के संदेश को पहुंचाए।
उपायुक्त ने कहा कि जो ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, उनके लिए 15 जून को सुबह 5:30 बजे तक आवेदन करवाने की व्यवस्था की गई है। आवेदन करने वालों को एक धावक नंबर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैराथन दक्षिणी गेट से शुरू होकर सब्जी मंडी चौक, रेलवे रोड, पंजाबी धर्मशाला से होते हुए पुरुषोत्तमपुरा बाग में संपन्न होगी। मैराथन के समय ट्रैफिक को पूरी तरह से बंद किया जाएगा।
इन्हें दिया जाएगा सम्मान ः योग मैराथन के टॉप-20 विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 10 पुरस्कार पुरुष वर्ग और 10 पुरस्कार महिला वर्ग के लिए तय किए गए हैं। प्रत्येक वर्ग में पहला इनाम 51 हजार, दूसरा 31 हजार, तीसरा 21 हजार और 7 अन्य को 10-10 हजार रुपये नकद दिए जाएंगे।