हम मेहनतकश इस दुनिया के जब अपना हिस्सा मांगेंगे, कोई बाग नहीं कोई खेत नहीं हम सारी दुनिया मांगेंगे... विख्यात अभिनेता दिलीप कुमार की मजदूर फिल्म के इस गीत को चरितार्थ किया है देश के उन मेहनती मजदूरों ने, जो भवन निर्माण, खेत खलिहान, बांध निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में देश की तरक्की में हाथ बंटाते हैं। लेकिन, दूसरों के भवन बनाने वाले, खेत खलिहानों में काम करने वाले मजदूरों के पास न तो रहने की पर्याप्त जगह है और न ही भरपेट अनाज।
नहीं मिले केयू कुलपति, फीका रहा केयू आउटसोर्सिंग कर्मियों का दिवस
रविवार को मजदूर दिवस पर केयू के आउटसोर्सिंग कर्मचारी कुलपति को उनके निवास पर बधाई देने के लिए समय मांगा था, लेकिन संदेश मिला कि कुलपति बाहर हैं। इसके बाद जब कुछ साथियों से पता चला कि कुलपति अपने निवास पर ही हैं तो कुछ कर्मचारी प्रेमभाव से गुलदस्ता लेकर कुलपति से मिलने पहुंचे, लेकिन सिक्योरिटी ने उन्हें कुलपति से मिलने से मना कर दिया।
आउटसोर्सिंग कर्मचारी नवीन शर्मा ने बताया कि सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कर्मचारी बाहर धूप में खड़े रहे कि शायद कुलपति उन्हें अंदर बुलाकर उनका हालचाल पूछ लेंगे, लेकिन आदेश आया कि कर्मचारियों कि कह दें कि गुलदस्ता बाहर गेट पर ही छोड़ जाएं। आउटसोर्सिंग कर्मियों को इस बात से काफी धक्का लगा। कर्मियों ने बाहर गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को सत्कार स्वरूप गुलदस्ता व पटका सौंपते हुए निवेदन किया कि उन्हें कुलपति से मिलने दिया जाए।
कई स्थानों पर मनाया मजदूर दिवस
सन्निहित सरोवर के पार्क में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, सीटू, एआईयूटीयूसी हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में मजदूर दिवस मनाया गया। जिला सचिव ओमप्रकाश ने बताया कि इस कार्यक्रम में जिला प्रधान नरेश कुमार, रोशन लाल व महावीर दहिया ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार मजदूरों के कानून में संशोधन कर रही है। मजदूरों के बजट में कटौती की गई, जिसके विरोध में सभी मजदूर यूनियनों को एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करना होगा। इस अवसर पर कामरेड प्रताप सिंह, मिड-डे मील प्रधान लाल देवी, आशा वर्कर प्रधान रानी देवी, ओम सिंह, रविंद्र तोमर सहित अन्य मौजूद रहे।
वहीं हम फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर संस्था के सांझा कदम अभियान के तहत मजदूरों के बच्चों को कपड़े व जूते इत्यादि वितरित किए गए। अध्यक्ष संजय चौधरी ने मजदूर दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजदूर परिवारों की आवश्यकताओं को सभी लोगों की मदद से दूर करना चाहिए। भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों के बच्चे शिक्षा, पौष्टिक भोजन व अन्य जरूरत के सामान से वंचित रहते हैं। इस अवसर पर विकास शर्मा, सतबीर सिंह, राजेश गाबा, निर्मल सिंह कलेर व शंभू नाथ वत्स मौजूद रहे।
रोडवेज कर्मियों ने किया प्रदर्शन
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स ज्वाईंट एक्शन कमेटी के सदस्यों ने कुरुक्षेत्र डिपो में रविवार को अपनी मांगों को लेकर धरना एवं प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन के प्रधान जरनैल सिंह ने की और संचालन डिपो सचिव मायाराम उनियाल ने किया। धरने में मुख्य रूप से राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा एवं राज्य प्रचार सचिव दलबीर सिंह राणा ने भागीदारी निभाई। राज्य प्रधान शर्मा ने कहा कि सरकार से बार-बार बातचीत करने पर भी रोडवेज कर्मियों की मांगें नहीं मानी गई, जिससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने सरकार द्वारा निजी बसों को परमिट देने पर चक्का जाम की चेतावनी दी। इस अवसर पर नरेंद्र पांचाल, सुखदेव सिंह, अजैब सिंह, नरेश, देवेंद्र शर्मा, चंद्रभान लाठर, गुरमेल, शेर सिंह, कृष्ण शर्मा तथा सुनील आदि मौजूद रहे।