संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लाडवा में इंद्री रोड पर बडौंदा मोड के पास ट्रक के नीचे सिर आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मजदूर ईंटों से भरी ट्राली पर सवार था। इस ट्राली को ओवरटेक करते समय ट्रक ने ट्राली को टक्कर मार दी, जिससे ट्राली सड़क पर पलट गई। इसी दौरान ट्रक का पहिया मजदूर के सिर के ऊपर से निकल गया। मृतक की शिनाख्त जगतराम वासी बदरपुर के रूप में हुई। जगतराम ईंट भट्ठे पर ईंट ढुलाई का काम करता था।
थाना लाडवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में मिथुन वासी गांव बदरपुर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ हिनौरी रोड पर एक ईंट भट्टे पर काम करता है। उसके पिता जगतराम भी उसी के साथ ईंट ढुलाई का काम करते थे। 10 जून को वह अपने पिता जगतराम के साथ भट्ठे से अपने ट्रैक्टर-ट्राली में ईंटों को लेकर गांव न्योरता (करनाल) जा रहे थे। वह ट्रैक्टर चला रहा था तथा उसका पिता ट्राली में भरी ईंटों पर बैठे हुए थे।
इंद्री रोड पर बडौंदा मोड़ के पास ट्रक ने ओवरटेक करते हुए ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर रोड के साइड में बने खड्ढे में मुड़ गया और ट्राली सड़क पर ही साइड में पलट गई। उसके पिता ट्राली से नीचे रोड पर जा गिरे और ट्रक का पहिया उसके पिता के सिर के ऊपर से गुजर गया। सिर कुचले जाने से उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में लेकर शिकायत पर ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।