कुरुक्षेत्र। आखिरकार एक साल के इंतजार के बाद वह समय आ ही गया जब पिपली से थर्ड गेट तक सिक्स लेन का निर्माण कार्य शुुरू होने जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर विधायक सुभाष सुधा ने शुक्रवार को साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सिक्स लेन सड़क बनाने का कार्य 25 मार्च को सुबह 10 बजे बिरला मंदिर से शुरू होगा। इस सड़क के निर्माण के लिए दो प्रोडक्शन साइट गर्ग एंड कंपनी द्वारा स्थापित कर दी गई हैं और इस कंपनी ने निर्माण सामग्री भी साइट पर पहुंचा दी है। इस सड़क के निर्माण कार्य को 15 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कंपनी ने सिविल वर्क के लिए 44 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि भरी है, हालांकि बिजली, पानी निकासी, पेवर ब्लाक आदि तमाम कार्यों सहित इस प्रोजेक्ट पर करीब 57 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। विधायक ने बताया कि लंबे अर्से से पिपली से थर्ड गेट तक सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ था। इस सड़क के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए काफी प्रयास किए गए और इन प्रयासों के कारण सड़क का निर्माण कार्य शुरू भी हुआ, लेकिन ठेकेदार द्वारा कार्य छोड़कर जाने और उसके उपरांत कुछ तकनीकी कमियों के कारण सड़क का निर्माण कार्य रुका रहा। इस मौके पर भाजपा के युवा नेता साहिल सुधा, एक्सईन अमित मनोचा व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दोनों तरफ बनाया जाएगा नाला
विधायक ने कहा कि सिक्स लेन के दोनों तरफ पानी निकासी के लिए नाला बनाया जाएगा और सड़क के बीच मीडियम को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इस सड़क के मार्ग में आने वाले आरओबी के ऊपर की भी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा सिक्स लेन के बाद जहां भी जगह मिलेंगी वहां पर पेवर ब्लाक लगाए जाएंगे।