कुरुक्षेत्र। वर्तमान में बेटियां अपने अधिकारों को लेकर पूरी तरह जागरूक हैं और हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। बच्ची हो या फिर बड़ी महिलाएं, सभी को अपने अधिकारों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। यह कहना है हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एडवोकेट सोनिया अग्रवाल का। वे शुक्रवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित पावर वॉक फार वूमेन कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि आयोग पूरे प्रदेश में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में जागरूकता लाना है तथा उन्हें उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी देना है। सोनिया अग्रवाल ने कहा कि आयोग द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतरता में कार्य किए जा रहे हैं। कानूनी अधिकारों के बारे समय-समय पर शिविर लगाकर उन्हें जागरूक करने का काम भी किया जा रहा है। पीड़ित महिलाओं की जो भी शिकायतें आयोग को प्राप्त होती हैं, उस पर सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को समझकर आयोग उनकी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने बच्चों को उनके अधिकारों के बारे में बताया तथा स्कूल के अध्यापकों से भी कहा कि समय-समय पर बच्चों के लिए जागरूकता से संबंधित विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित करवाएं ताकि विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के बारे में जानकारी हो। इस अवसर पर एसडीएम कपिल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, बीईओ इंदु कौशिक, डीपीओ नीता रानी, एसएचओ सुदेश, दिनेश कुमार, सुनीता राणा पीपीओ, डाॅ. मुनीष कुकरेजा, एसएमसी प्रधान रोशनी देवी आदि मौजूद रहे।