पति के साथ कहासुनी होने से आहत 35 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन जब तक महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा। मृतका की शिनाख्त गांव धेरडू जिला कैथल निवासी 35 वर्षीय कविता पत्नी रोशन लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के भाई दीप की शिकायत पर आरोपी रोशन लाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार कविता अपने पति व बच्चों सहित पिहोवा के वाल्मीकि बस्ती में किराये के मकान में रह रही थी। महिला की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मायके पक्ष ने पति रोशन लाल सहित चार लोगों पर हत्या करने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने चश्मदीद मृतका के तीनों बच्चों मुस्कान, ईष्या और वंश से पूछताछ की। इस दौरान तीनों बच्चों ने बताया कि वीरवार को उसके माता-पिता का झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसकी माता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पिहोवा के सिटी थाना प्रभारी जगदीश चंद, जांच अधिकारी गौरव सिंह पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। इस दौरान सिटी थाना प्रभारी जगदीश चंद ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जांच अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच व पूछताछ में मामला आत्महत्या का मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है और विसरा लेकर लैब में भेजा जाएगा। विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा।