नकली सोना गिरवी रखकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस उप-अधीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि राम सिंह ने थाना लाडवा पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि उसकी सर्राफा बाजार लाडवा में ज्वैलर की दुकान है।
01 अक्तूबर की दोपहर उसके पास एक महिला और एक व्यक्ति उसकी दुकान पर सोने की साढ़े ग्राम की एक टिक्की लेकर आए थे। वह उस टिक्की को 23 हजार रुपये में गिरवी रखना चाहते थे। उसने उस सोने की टिक्की की जांच की तो वह नकली थी। पूछताछ में पता चला कि दोनों यूपी के रहने वाले हैं। उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने की भनक लगते ही व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने आरोपी महिला रेखा को काबू कर लिया। पुलिस ने महिला और उसके साथी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके महिला को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस फरार आरोपी शिवा नट की तलाश कर रही है।