इस्माईलाबाद। महिला की तरफ गलत इशारे करने व छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 27 अक्तूबर को गांव की हरिजन धर्मशाला रविदास मंदिर में ग्राम सभा की एक बैठक चल रही थी जिसमें काफी ग्रामीण मौजूद थे। वह भी बैठक में मौजूद थी। बैठक में गांव का ही प्रीतपाल सिंह भी मौजूद था, जो उसे देखकर गंदे इशारे करने लगा। जब वह कुर्सियां लेने के लिए अंदर कमरे में गई तो प्रीतपाल भी पीछे-पीछे कमरे में आ गया और उसके साथ छेड़छाड़ की।
जब वहां मौके पर गांव की एक अन्य महिला आ गई तो प्रीतपाल ने उसके साथ में हाथापाई की और अपशब्द कहे और मौके से भाग गया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं आरोपी प्रीतपाल का कहना है कि ये आरोप निराधार हैं। भरी पंचायत में उसके साथ ही बदतमीजी की गई है। उसने ही डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी थी। गांव के ही कुछ लोगों की ओर से किए गए भ्रष्टाचार को वह उजागर करने का प्रयास कर रहा है जिसके चलते उसने प्रशासन को पत्र भी लिखे हैं। थाना प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांंच की जा रही है। मामले में जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।