शराब ठेकेदार पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद किया है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी गांव में अवैध तौर पर शराब बेचता है और मना करने पर गंडासी से हमला कर दिया।
थाना बाबैन पुलिस को दी शिकायत में सतबीर सिंह वासी जालखेड़ी ने कहा कि उसके पास गांव में शराब का ठेका है। गांव का ही परविंद्र सिंह गांव में अवैध तौर से शराब बेचता है। इसी कारण परविंद्र सिंह उसके साथ रंजिश रखता है। गत शाम को वह अपने घर से ठेके पर जा रहा था तो रास्ते में गांव की फिरनी के पास परविंद्र सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया तथा उसके साथ गाली-गलौज व झगड़ा करने लग गया। वह उसे समझाने लगा तो उसने गंडासी से वार कर दिया, जिससे वह जख्मी हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गया। बेहोशी की हालत में उसे बाबैन के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, यहां से उसे कुरुक्षेत्र एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।