संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिलेभर की आठ मंडियों में पहले दिन कहीं भी गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हुई। वहीं खरीद को लेकर कहीं भी इंतजाम नजर नहीं आए। हालांकि थानेसर अनाज मंडी में गेहूं की दो ढेरियां बिकने के लिए आईं। इंतजाम न होने के कारण खरीद नहीं हो पाई। वहीं अधिकारियों की ओर से खरीद को लेकर गेहूं में नमी होने का हवाला देकर टाल दिया गया। अभी तक गेट पास के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की। मंडी के दोनों गेट पर गेट पास काटने के लिए किसी भी कर्मी को तैनात नहीं किया गया।
आढ़ती आरोप लगा रहे हैं कि खरीद शुरू होने से पहले बारदाना वितरित किया जाता है। व्यवस्था को लेकर हर साल उनके साथ बैठक होती है, इस बाद दोनों में काम नहीं हुए। प्रशासन को खरीद से पहले सभी प्रबंध कर लेने चाहिए, क्योंकि कटाई के बाद मंडी में भारी मात्रा में गेहूं बिकने के लिए पहुंचेेगी।
उधर, इस्माईलाबाद मंडी में पहले दिन अनाज मंडी में गेहूं की आवक नहीं हुई। हर वर्ष सीजन से पहले फड व सड़कों की रिपेयर का जाती है लेकिन अभी तक मंडी में फड़ व सड़कों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इसके अलावा मंडी में पानी, सफाई की व्यवस्था का भी अभी तक कोई अता पता नहीं है। मार्केट कमेटी द्वारा गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां शुरू भी नहीं की गई है। अनाज मंडी में दाखिल होने वाली सड़कों की हालत भी काफी खस्ता है। सड़कों में बड़े बड़े गड्ढे बने हुए।
मौसम के गर्म मिजाज के चलते गेहूं की फसल समय से पहले ही अपने रंग बदल चुकी है और पक कर तैयार है। कभी भी कटाई का कार्य शुरू हो जाएगा। ऐसे में फसल लेकर मंडी में पहुंचने वाले किसानों को काफी परेशानी होगी। लचर व्यवस्था और आधी अधूरी तैयारी के चलते खरीद का कार्य संभव नहीं है। अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान राजेश कंसल व सचिव बलदेव शर्मा मरम्मत के लिए खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह व मार्केट कमेटी को शिकायत कर चुके हैं।
खरीद से पहले मंडी व्यापारियों के साथ मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने कोई बैठक नहीं ली। शुक्रवार को खरीद को लेकर मार्केट कमेटी कार्यालय में बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने मार्केट कमेटी सचिव के समक्ष बारदाना, साफ-सफाई, गेट पास, उठान, सड़कों की मरम्मत सहित अन्य समस्याएं रखी।
अमीन वासी किसान विनोद ने बताया कि सरकार ने किसानों को अपने चुने समय पर फसल मंडी लेकर पहुंचने की व्यवस्था सॉफ्टवेयर में कर दी है। इसका फायदा किसानों मिलेगा, मगर इसमें किसानों को नुकसान भी होगा, क्योंकि फसल कटाई, भराई, मंडी पहुंचने सहित कई तरह की परेशानी किसानों को उठानी पड़ती है। मांग है कि सरकार तय समय पर फसल लाने के समय में बदलाव न करने की बजाए किसानों को दो-तीन दिन का अतिरिक्त समय दें।
आढ़ती होशियार सिंह ने बताया खरीद को लेकर कोई तैयारी नहीं हुई है। आढ़तियों को बारदाना उपलब्ध नहीं कराया गया है। द्वार पर गेटपास काटने के लिए कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं। यहां तक किसी भी अधिकारी ने मंडी का जायजा तक नहीं लिया है, जबकि मंडी में गेहूं की आवक शुरू हो गई है। अब तक मंडी में साफ सफाई तक नहीं कराई गई है।
एक-दो दिन में वितरित करेंगे बारदाना : हरजीत सिंह
मार्केट कमेटी थानेसर सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह मंडी एसोसिएशन व एजेंसी के साथ बैठक की गई थी। अभी गेहूं की आवक ज्यादा नहीं पहुंची है। मंडी एसोसिएशन की मांग पर एक-दो दिन तक बारदाना वितरित कर दिया जाएगा। इसी दौरान सभी तैयारी भी मुकम्मल करेंगे। वहीं जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक केके गोयल ने बताया कि जिले की आठ मंडियों में कोई खरीद नहीं हुई है। मंडी में 100-200 कट्टे गेहूं की आवक हुई है। मैसेज मिलते ही खरीद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।