कुरुक्षेत्र। गेहूं खरीद कार्य 1 अप्रैल से शुरू होगा। इस सीजन में जिले में लगभग पांच लाख 91 हजार 284 मीट्रिक टन गेहूं की आवक आने की संभावना है। इस खरीद कार्य के लिए 25 मंडियां और सब सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन सभी खरीद व उठान के लिए एजेंसियों को कार्य सौंप दिया गया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंगलवार को गेहूं खरीद सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। वहीं अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने अधीनस्थ मंडियों का निरीक्षण करें और तमाम सुविधाओं और प्रबंधों का जायजा लें। सरकार के निर्देशानुसार मंडी में फसल लेकर पहुंचने वाले किसान के वाहन का फोटो होगा जिसे पोर्टल पर अपलोड करने के बाद गेट पास जारी होगा, बायोमेट्रिक फसल बेचने के समय होगी। उन्होंने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रबी खरीद सीजन 2026-27 के लिए मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। संबंधित एसडीएम अपने क्षेत्र में स्थित मंडियों का दौरा कर आवश्यक सुविधाएं जांचें और आवश्यकता अनुसार सभी प्रबंध करवाएं ताकि खरीद सीजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने मार्केट कमेटी के सचिवों को निर्देश दिए कि वे यह प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें कि मंडियों में सभी मूलभूत आवश्यकताएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे सुचारू हों। इसके अलावा मुख्य प्रवेश द्वार पर कंप्यूटर व प्रिंटर की व्यवस्था भी करवाई जाए ताकि गेट पास जारी करने में असुविधा न हो।