गांव चनारथल का ग्राम सचिवालय जल्द ही हाईटेक होगा। इसे इंटरनेट और वाई-फाई सुविधाओं से भी जोड़ा जाएगा। यह घोषणा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने की।
वे सोमवार को गांव चनारथल में 9 लाख 50 हजार की लागत से बने आंगनबाड़ी केंद्र, 2 लाख की लागत से शिव मंदिर धर्मशाला के बने कमरे और गांव में 4 लाख 85 हजार की लागत से बने नाले का उद्घाटन करने के बाद ग्राम सचिवालय में आयोजित एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले बेदी ने आंगनवाड़ी प्रांगण में पौधरोपण कार्यक्रम में शिरकत की।
उन्होंने गांव चनारथल में नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाने, धर्मशाला की चारदीवारी, दलित धर्मशाला, अधूरी सैनी धर्मशाला के लिए अनुमानित खर्चे के अनुसार अनुदान राशि देने की घोषणा करते हुए कहा कि हलका शाहबाद के 107 गांवों में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाया जाएगा। गांव में विकास करने के लिए सबसे पहले आपसी भाईचारा की भावना पैदा करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आपकी बेटी-हमारी बेटी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया। इन योजनाओं से प्रदेश को फायदा मिला और 12 में से 10 जिलों में लिंगानुपात की स्थिति में काफी सुधार आया हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला परियोजना अधिकारी गुरविंद्र कौर मल्ली ने विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में सरपंच जसविंद्र कौर संधु व जसबीर सिंह, अमरजीत सैनी, राजपाल सैनी, चंद्रमणी, दर्शन राणा, रामलाल सैनी, राजीव, प्रवीण, गुरप्रीत, लालचंद सैनी, रविंद्र कुमार, लाला राम, सुभाष कश्यप, सीडीपीओ सुखवंत कौर, एसडीओ ज्ञानचंद, जेई सुरेंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।