कुरुक्षेत्र। शिक्षक के नाम पर इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर एप के जरिए फर्जी वीडियो डाल बदनाम करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा एक महिला ने भी शिकायत दर्ज कराई है।
थाना साइबर में दर्ज शिकायत में सरकारी स्कूल के शिक्षक ने बताया कि किसी शरारती तत्व ने उनके स्कूल के एक शिक्षक के नाम से इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाई हुई है।
इस पर स्कूल के दो शिक्षकों की फेक एडिट की हुई वीडियो डाल रखी है। इससे शिक्षकों के साथ ही स्कूल की भी बदनामी हो रही है। उधर, एक महिला ने बताया कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर उसके, उसकी ननद और भाई के बारे में गलत टिप्पणी की गई है। इस कारण उसका उसके पति के साथ भी मनमुटाव हो रहा है। शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
महिला प्रोफेसर ने भी दर्ज कराई शिकायत ःएनआईटी की सहायक प्रोफेसर ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति ने अलग-अलग रिसर्च वेबसाइट में उसके नाम से प्रोफाइल रजिस्टर कर दी। इसके बाद से रिव्यू के साथ कई तरह के संबंधित ई- मेल आने लगे। ये सभी रिव्यू बिना उनकी सहमति के प्रस्तुत किए जा रहे हैं। ये सभी प्रोफाइल्स आधिकारिक (ऑफिसशियल) मेल का उपयोग कर बनाई है।