कुरुक्षेत्र। तीन जनवरी से शुरू हुए किशोरों के लिए वैक्सीनेशन अभियान के चौथे दिन वीरवार को पहले दिन के मुकाबले करीब 10 गुना किशोरों को कोवैक्सीन लगाई गई। किशोरों में युवाओं और बड़े बुजुर्गों से ज्यादा उत्साह देखा जा रहा है। पहले दिन स्वास्थ्य विभाग ने मात्र 934 किशोरों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई थी, लेकिन वीरवार को आठ हजार 997 किशोरों को सुरक्षा कवच देकर नया रिकॉर्ड बनाया है। अब तक 18 हजार 110 किशोरों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है। साथ ही छह लाख 91 हजार 589 को पहली और पांच लाख सात हजार 316 को दूसरी डोज लगाई गई। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 14 हजार 988 को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। किशोरों के अलावा 11 हजार 153 को पहली और 3853 को दूसरी डोज लगाई गई।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। तीसरी लहर काफी खतरनाक साबित हो सकती है, लेकिन किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी लोगों को सिर्फ सजग और सचेत रहने की आवश्यकता है। कहा कि अब बच्चों के सुरक्षा कवच को मजबूत करने के लिए अभिभावकों को सुरक्षा की कमान संभालनी होगी और जल्द से जल्द अपने 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों का वैक्सीनेशन पूरा करवाना होगा। कहा कि कुरुक्षेत्र में भी कोरोना के केस तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। जिले में वीरवार को 41 केस सामने आए।