सिक्योरिटी गार्ड की कनपटी पर तमंचा रखकर तीन-चार नाकाबपोश एटीएम उखाड़ अपने साथ ले गए। एटीएम मशीन में 13 लाख 40 हजार रुपये थे।
घटना को अंजाम देते समय नकाबपोशों ने सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। यह घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सलारपुर रोड स्थित एसबीआई एटीएम पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड बलिंदर ने बताया कि मंगलवार रात्रि लगभग 2 बजे एक नकाबपोश बूथ में घुस और उसकी कनपटी पर तमंचा रखकर वह उसे अंदर बने कैबिन में ले गया।
इसके बाद दो-तीन नकाबपोश वहां आए और उन्होंने सीसीटीवी कैमरा तोड़कर एटीएम मशीन को उखाड़ना शुरु कर दिया। कुछ समय बाद वे अपने प्रयास में सफल हो गए और एटीएम को किसी वाहन में रखा तथा वहां से फरार हो गए।
सिक्योरिटी गार्ड के मुताबिक घटना को अंजाम देने वाले जाते समय उसका मोबाइल फोन तथा पर्स से 2700 रुपये निकाल कर ले गए। इसके बाद उसने किसी तरह अन्य सिक्योरिटी गार्ड को मामले की सूचना दी, जोकि किसी अन्य एटीएमबूथ पर तैनात है।
इसके पश्चात पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पता चलने पर सुभाष मंडी पुलिस चौकी से टीम घटनास्थल पर पहुंची। घटना की सारी जानकारी लेने के बाद पुलिस ने आगामी जांच शुरु कर दी है।
चौकी प्रभारी चानन राम ने बताया तीन-चार नकाबपोशों ने इस घटना को अंजाम दिया है और एटीएम में 13 लाख 40 हजार रुपये थे। उन्हाेंने बताया कि जांच चल रही है।