यमुनानगर। डेंगू का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को डेंगू के सात मरीज मिले। जिससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ती जा रही है। जहां पर डेंगू के मरीज मिले वहां पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फॉगिंग कराई गई। साथ ही उनके घरों से अन्य परिजनों के रक्त के सैंपल लिए गए। इनकी जांच लैब में कराई जाएगी। इसी के साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 156 हो गई है।
डेंगू के जो नए केस मिले हैं उनमें प्रतापनगर में 46 वर्षीय व्यक्ति, जवाहर नगर बूड़िया से 13 वर्षीय किशोरी, पांसरा से 46 वर्षीय महिला, तिलक नगर से 30 वर्षीय युवक, काली मंदिर नजदीक जगाधरी से 16 वर्षीय किशोर, ज्ञानेवाला से 43 वर्षीय व्यक्ति व जेस्को कॉलोनी जड़ौदा गेट जगाधरी से 23 वर्षीय युवती शामिल हैं।
ठंड बढ़ने से मिल सकती है राहत:
पिछले कुछ दिनों से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों को डेंगू से थोड़ी बहुत राहत मिल सकती है, क्योंकि ठंड बढ़ने से मच्छर मरने लगता है। इससे पहले मौसम में गरमाहट आने से मच्छरों की संख्या काफी बढ़ गई थी। जिससे डेंगू के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिली।
फॉगिंग कराई जा रही है: सुशीला सैनी
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी का कहना है कि सोमवार को डेंगू के सात केस मिले हैं। अब डेंगू के कुल केस 156 हो गए हैं। जहां डेंगू केस मिल रहे हैं वहां पर फॉगिंग कराई जा रही है।