शाहाबाद। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर शनिवार को शाहाबाद पुलिस स्टेशन के ठीक सामने एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि एक एलपी दूध के ट्रक ने सड़क किनारे पंक्चर लगे खड़े ट्रक को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दूध के ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक और सहायक केबिन में फंस गए। बताया जा रहा है कि एक ट्रक पंक्चर होने के कारण नेशनल हाईवे पर शाहाबाद पुलिस स्टेशन के सामने खड़ा था। इसी दौरान, तेज रफ्तार से आ रही एएलपी दूध की गाड़ी नियंत्रण खोकर पीछे से इस खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़े। हादसे की सूचना मिलते ही समाजसेवी बेअंत सिंह नलवी की टीम और आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत मोर्चा संभाला।
एकजुट प्रयासों के बाद, केबिन में फंसे चालक को बड़ी मशक्कत के साथ बाहर निकाल लिया गया। लेकिन सहायक गंभीर रूप से घायल हो गया और बेसुध अवस्था में था। उसे करीब 55 मिनट के बाद कटर के साथ केबिन को चार हिस्सों में काटकर बाहर निकल गया तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।