कुरुक्षेत्र। महारथी की पूरी टीम। स्वयं
कुरुक्षेत्र। हरियाणा कला परिषद की ओर से कला कीर्ति भवन में आयोजित साप्ताहिक संध्या में शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के कलाकारों ने रंगमंच के दो नाटकों के माध्यम से अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कमलेश्वर की कहानी दिल्ली में एक मौत और विभांशु वैभव के नाटक महारथी का मंचन किया गया, जिसका निर्देशन अमित कुमार चौहान ने किया।
पहली प्रस्तुति दिल्ली में एक मौत में करोलबाग के व्यवसायी सेठ दीवानचंद की मृत्यु के बहाने आधुनिक समाज की संवेदनहीनता को दर्शाया गया। नाटक में दिखाया गया कि महानगरों में लोगों के बीच भीड़ तो है, लेकिन मानवीय संवेदनाएं कम होती जा रही हैं। अंतिम संस्कार के दौरान भी लोग अपने स्वार्थों और दिनचर्या में उलझे नजर आए।
दूसरी प्रस्तुति महारथी पौराणिक कथा पर आधारित रही, जिसमें कर्ण के जीवन के माध्यम से समाज में जाति और पृष्ठभूमि के आधार पर होने वाले भेदभाव को दर्शाया गया। कर्ण और कृष्ण के संवादों ने नाटक को प्रभावशाली बनाया।
कुरुक्षेत्र। महारथी की पूरी टीम। स्वयं