कुरुक्षेत्र। मौसम में बदलाव के साथ ही डेंगू के मामले फिर बढ़ने लगे हैं। शनिवार को डेंगू के दो नए मरीज सामने आए। पूरे सप्ताह में अब तक चार नए केस मिल चुके हैं। जिले में कुल मरीजों की संख्या अब 18 पहुंच गई है। इसके अलावा मलेरिया के भी चार मामले सामने आए हैं। डेंगू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
पिछले साल सितंबर में डेंगू के मामलों में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई थी। तब जिले की 10 कॉलोनियां डेंगू के हॉट स्पॉट बन गई थीं और कुल 242 मामले दर्ज किए गए थे। स्वास्थ्य विभाग अब उस स्थिति को दोहराने से रोकने के लिए पहले से ही सक्रिय हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। अब तक 5229 घरों और 26348 कंटेनरों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 200 जगहों पर डेंगू के मच्छरों का लार्वा पाया गया, जिसके आधार पर विभाग ने 10 लोगों को नोटिस दिए हैं। अब तक कुल 1241 लोगों को लार्वा मिलने पर नोटिस थमाए जा चुके हैं।
स्थिति नियंत्रण में : डॉ. सुखबीर
जिला नागरिक अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि स्थिति अभी नियंत्रण में है। विभाग की टीमें नियमित रूप से जांच कर रही हैं और जहां भी लार्वा मिल रहा है, वहां उसे तुरंत नष्ट कराया जा रहा है। साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि वे घरों में पानी जमा न होने दें, कूलर और बर्तनों को साफ रखें और मच्छरदानी का प्रयोग करें। छोटी-सी लापरवाही बड़ी समस्या बन सकती है।