संवाद न्यूज एजें
कुरुक्षेत्र। शाहाबाद में पुलिस और नशा तस्करों के बीच करीब 10 घंटे के भीतर दो बार मुठभेड़ हो गई। सोमवार देर शाम जंधेड़ी रोड पर हुई पहली मुठभेड़ में पुलिस ने एक आरोपी गौरव को गिरफ्तार किया जबकि उसका साथी संजू खेतों की तरफ भाग गया। पुलिस की तीन टीमें रातभर उसकी तलाश में जुटी रहीं। इसके बाद मंगलवार सुबह मारकंडा पुल के पास दूसरी बार पुलिस का सामना होने पर संजू ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसकी टांग में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिधू ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की कार से करीब 40 लाख रुपये कीमत का 200 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। वहीं, संजू के कब्जे से एक देसी कट्टा भी मिला है। उन्होंने बताया कि सोमवार को पहली मुठभेड़ के बाद फरार आरोपी संजू की तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी रहीं। मंगलवार सुबह पुलिस टीम को वह मारकंडा पुल के पास दिखाई दिया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिधू के अनुसार, संजू ने इस दौरान भी टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी फायर किए, जिसमें संजू की टांग में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घायल संजू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को जंधेड़ी रोड पर नहर के पास मुठभेड़
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिधू ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस चौकी प्रभारी पीएसआई मांगे राम के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी। सूचना मिली थी कि जंधेड़ी निवासी गौरव और कैथल निवासी संजू कार में नशीला पदार्थ लेकर गांव से अनाज मंडी होते हुए शाहाबाद आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जंधेड़ी रोड पर नहर के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस को एक कार आती दिखाई दी। टीम ने कार रुकवाकर उसमें सवार आरोपियों को काबू करने का प्रयास किया तो कंडक्टर साइड में बैठे संजू ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो फायर किए। इस दौरान फायरिंग करते हुए संजू खेतों की तरफ भाग गया जबकि कार चला रहे गौरव को पुलिस ने काबू कर लिया।
गौरव पर पहले से छह मामले दर्ज
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी गौरव के खिलाफ हिमाचल प्रदेश, शाहाबाद और बाबैन में आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के छह मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी संजू का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।