पिहोवा। दशहरे के मौके पर बिजली निगम के कर्मचारियों ने मांगों के लिए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने बिजली कार्यालय के बाहर सीएम सैनी, बिजली मंत्री अनिल विज और विद्युत नियामक आयोग एचईआरसी के अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतले फूंके।
कर्मचारियों ने सरकार पर समझौते से पीछे हटने और नूंह व गुरुग्राम के लिए दोबारा पैरेलल लाइसेंस जारी करने का आरोप लगाया।यूनियन के प्रधान बलबीर रंगा और सचिव रणजीत सिंह ने बताया कि साझा मोर्चा के आह्वान पर यह प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को बिजली कर्मचारियों के साथ हुए समझौते के बावजूद पैरेलल लाइसेंस जारी किए जाने से रोष है। उन्होंने बताया कि बुधवार को सुबह 11 बजे बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी सरकार द्वारा इन कंपनियों को जारी किए लाइसेंस की प्रतियां जलाकर विरोध जताएंगे।
इसके बाद बुधवार रात 10 बजे से कर्मचारी तीन दिन की क्रमिक हड़ताल पर जाएंगे। कर्मचारियों ने सरकार से समझौते को लागू करने और पैरेलल लाइसेंस जारी करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। प्रदर्शन में गुरदीप सिंह, पवन, दर्शन, दीपक, राहुल, दिलबाग सिंह, अमरीक सिंह, दिनेश और रोशन लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।