कोरोना संक्रमण के चलते विभिन्न अस्पताल में उपचाराधीन दो मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इनमें से 65 वर्षीय मरीज गीता कॉलोनी शाहाबाद व दूसरा 76 वर्षीय झांसा कुरुक्षेत्र में रहता था। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार दोनों शवों का अंतिम संस्कार कराया गया। उधर, मंगलवार को दो बैंक मैनेजर, दो चिकित्सक व एक प्राचार्य सहित जिले में 145 नये संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र से 94 मरीजों को एक ही दिन में ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि कुरुक्षेत्र में कोरोना से संक्रमित 145 नए केस सामने आए है और 2 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो गई है। कोरोना वायरस से संक्रमित अब तक 2301 मरीज ठीक होकर घर लौट गए है। बताया कि अभी तक लिए गए 58473 में से 53705 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में दिसंबर माह से लेकर अब तक कुल 3094 लोग आए है, इनमें से 2349 लोग स्वास्थ्य विभाग की एडवाईजरी के अनुसार 28 दिन का समय चक्र पूरा कर चुके है और 745 व्यक्तियों को होम क्वारंटीन किया गया है। जिले में अब तक 3909 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। इनमें से 2301 सैंपलों की रिपोर्ट जो पॉजिटिव थी वह सभी 2301 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब तक जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा 68 तक पहुंच चुका है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग 65 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु बता रहा है। कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस के 1543 एक्टिव केस है।