कुरुक्षेत्र/पिहोवा। लोहार माजरा गांव के समीप बुधवार दोपहर दवाई लेने करनाल जा रहे एक ही परिवार के क्रेटा कार में सवार चार लोग भीषण हादसे का शिकार हो गए। कार को निजी बस ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो मौसेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान बस में सवार गांव ऐंचला जिला करनाल की रहने वाली ममता को भी चोटें आई। हादसे की खबर से सारसा गांव में मातम छा गया।
गांव निवासी सुखदेव अपने भाई गुरुदेव (50) के अस्वस्थ होने के कारण करनाल इलाज के लिए ले जा रहा था। कार में उनके मौसेरे भाई 45 वर्षीय कुलदीप व 51 वर्षीय मामा रोहताश भी सवार थे। दोपहर करीब 12 बजे लोहार माजरा बस अड्डे के पास कुरुक्षेत्र की ओर से सवारी लेकर पिहोवा जा रही एक निजी बस ने सामने से कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गुरुदेव और कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुखदेव और रोहताश गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक सड़क पर चल रहे कांवड़ियों को बचाने की कोशिश में था, तभी यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद बस में सवार यात्री भयभीत हो उठे और किसी ने डॉयल 112 पर सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गुरुदेव और कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। सुखदेव और रोहताश की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया लेकिन सुखदेव को शहर में ही एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन कराया गया। वहीं बस में सवार घायल महिला उपचार के बाद घर चली गई।
हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाकर खुलवाया। ज्योतिसर चौकी इंचार्ज एएसआई कृष्ण कुमार का कहना है कि घायल सुखदेव की शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो हादसे के बाद मौके से भाग गया था।