खेतों में बालियां चुगने जा रहे दो भाइययों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों को पीछे से आ रहे एक मिनी डंपर ने रौंद दिया। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। चालक डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं, एक अन्य दुर्घटना में मोटर साइकिल और कार की टक्कर हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। एक ही हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। जबकि दो अन्य को सिविल अस्पताल में दाखिल किया गया।
उमरी निवासी बच्चों के ताऊ अमरनाथ ने बताया कि 14 वर्षीय आर्यन अैर उसका छोटा भाई शुभम स्कूल की छुट्टी होने के बाद खेत में बालियां चुगने गए थे। जब वे शाम को सात बजे आ रहे थे, तब पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें चपेट में लिया। कार सामने खड़े एक मिनी डंपर से भी टकराई जिससे दोनों बच्चे उसमें फंस गए। इससे शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया। लेकिन उसने भी अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि हादसा इतना भयंकर था कि देखने वालों की भी चीख निकल गई। लोगों ने दौड़ कर दोनों को निकालने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर वहां से भाग गए।
सदमें में बच्चों के परिजन
बच्चों की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। बच्चों के परिजन अभी भी सदमे में है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखवाया है। बताया जाता है कि दोनों बच्चों के पिता मजदूरी करते हैं और उनकी दो ही बच्चे थे।
डंपर में ही फंस गया था शुुभम
सदर थाना पुलिस के मुताबिक उमरी रोड पर एक डंपर खड़ा हुआ था। इसके पीछे से यह दोनों भाई गुजर रहे थे। तभी तेज गति से आ रही एक कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे दोनों बच्चे कार और डंपर के बीच में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शुभम डंपर में ही फंस गया और उसकी मौत हो गई, जबकि आर्यन घायल होकर दूर गिर गया।
गाड़ी को कब्जे में लेकर पुलिस कर रही कार्रवाई : एसएचओ
पिपली थाना प्रभारी दलिप कुमार ने बताया कि उन्हें उमरी के पास एक सड़क हादसे की जानकारी मिली थी। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। एक बच्चे ने वहीं दम तोड़ दिया था तो दूसरे की अस्पताल जाते समय मौत हो गई। हादसे के आरोपी दोनों चालक मौके से फरार हो गए लेकिन पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।