संवाद न्यूज एजेंसी
कुुरुक्षेत्र/पिहोवा। जिला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नशीला पदार्थ रखने के आरोप में दो लोगों को गिफ्तार किया है।
पहले मामले में पिहोवा थाना सदर की टीम ने एक हादसे की सूचना पर मौके पर जाकर हादसाग्रस्त कार से 33 किलो 756 ग्राम डोडापोस्त बरामद किया था तो वहीं दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल टीम ने एक किलो 35 ग्राम अफीम की आपूर्ति करने के आरोपी को काबू कर जांच में शामिल किया।
डोडापोस्त रखने के आरोपी की पहचान कैथल जिला के ढांड निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई, जो छोटा हाथी में कार की टक्कर होने से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल से काबू कर लिया गया।
वहीं एक किलो अफीम की आपूर्ति करने के आरोप में करनाल के रहने वाले जसबीर सिंह उर्फ जग्गा को काबू कर मामले की जांच में शामिल किया, जिसके पास अग्रिम जमानत होने पर उसे रिहा कर दिया गया। पहले मामले में 28 मई को थाना सदर पिहोवा की टीम थाने में मौजूद थी। उसी समय सूचना मिली की उक्त आरोपी
गुरप्रीत सिंह की कार की टक्कर गांव अरनेचा के पास छोटे हाथी से हो गई है। सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार के निर्देशन में टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि छोटा हाथी सड़क पर पलटा हुआ था और कार सड़क के नीचे खदानों में गिरी हुई थी।
टीम ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया तो हादसा ग्रस्त कार की तलाशी ली कार में कोई घायल तो नहीं है। इस दौरान टीम को कार में रखे एक कट्टे में 33 किलो 756 ग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ।
टीम ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर माल वाहक वाहन चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। टक्कर में कार चालक को चोट आने के बावजूद चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। इधर टीम ने आरोपी की तलाश में अस्पतालों में सर्च अभियान चला कर उक्त आरोपी को एक निजी अस्पताल से काबू कर लिया।
वहीं दूसरे मामले में 18 मार्च को एंटी नारकोटिक सैल लाडवा में मौजूद थी। उसी समय टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सब्जी मंडी हिनौरी रोड के पास से जिला करनाल के गांव मोदीपुर के रहने वाले दीपक कुमार व राजेंद्र कुमार को मोटरसाइकिल सहित काबू किया था। आरोपियों की तलाशी लेने पर एक किलो 35 ग्राम अफीम बरामद हुई थी।