तीन महीने पहले दंपती से देसी कट्टे की नोक पर सोने की चैन व टॉप्स छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दंपती सुबह सैर करके अपने घर वापस जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने पति के सिर पर देसी कट्टा तान कर महिला से सोने की चेन व टॉप्स छीन लिए और फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह व रजत वासी ढांड कैथल को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि 15 सितंबर को थाना शहर पिहोवा पुलिस को दी शिकायत में पिहोवा मेन बाजार वासी प्रीति पुरी ने बताया था कि 15 सितंबर को वह पति पुनीत पुरी के साथ सुबह घर से सैर करने के लिए निकली थी। सैर करने के बाद वे गुहला रोड मुल्तानी कॉलोनी से शिवपुरी रोड से अपने घर की तरफ जा रहे थे। स्वर्ग धाम के पास बाइक सवार दो युवक उनके पास आए। उन्होंने उसके पति के सिर पर देसी कट्टा तानकर उससे गले में पहनी हुई सोने चेन व टॉप्स उतारने को कहा। नहीं देने पर शूट करने की धमकी दी थी। इसके बाद दूसरे आरोपी ने उसके गले से सोने की चेन टॉप्स छीन लिए और दोनों आरोपी बाइक सहित फरार हो गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच सीआईए-1 को सौंपी थी।
शुक्रवार को सीआईए-1 की टीम ने मामले के आरोपी गुरप्रीत सिंह वरजत को जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करके अदालत में परिसर से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है ताकि आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक व देसी कट्टा बरामद किया जा सके।