कुरुक्षेत्र। ब्लॉक समिति सदस्य सचिन पर जानलेवा हमले के मामले में अपराध अन्वेषण शाखा-एक ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इनमें संजय उर्फ दीपू रंधावा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे आरोपी नवाब को अवैध हथियार सहित काबू किया गया।
सीआईए-एक प्रभारी निरीक्षक प्रतीक कुमार ने बताया कि संजय उर्फ दीपू रंधावा निवासी फौजी प्लॉट पिहोवा को मंगलवार रात एनएच-152 फुलगढ़ के पास हुई कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद काबू किया गया था। उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल से छह खाली खोल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार संजय पुरानी रंजिश के चलते ब्लॉक समिति सदस्य सचिन निवासी सतौड़ा की हत्या करने की फिराक में घूम रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे मामले शामिल हैं। वहीं सीआईए-एक की टीम ने गांव तलहेड़ी निवासी नवाब को भी अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है।