बंद मकान से जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राजन उर्फ साहिल वासी मिर्जापुर व विजय वासी छोटा बाजार से दो लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं।
डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 13 सितंबर को हर्षवर्धन तिवारी वासी श्याम कॉलोनी ने थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 सितंबर की शाम को वह अपने मकान को ताला लगाकर परिवार सहित रेलवे कॉलोनी थानेसर रिश्तेदारी में गया हुआ था। अगले दिन जब वह घर वापस आए तो देखा की मकान के अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ था। अन्दर कमरे में सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। कमरे में रखी लोहे की अलमारी से सोने व चांदी के गहने, सामान और नकदी गायब थी। शिकायत पर थाना कृष्णागेट में मामला दर्ज करके जांच सीआईए-2 को सौंपी गई थी। सीआईए-2 ने जांच करते हुए गुुप्त सूचना पर आरोपी राजन व विजय को गिरफ्तार करके दो दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा सोना व चांदी के करीब दो लाख रुपये के जेवरात बरामद करके आरोपियों को जेल भेज दिया है।