कुरुक्षेत्र। एलिवेटेड ट्रैक के साथ निर्माणाधीन स्टेशन। संवाद
- फोटो : कानीबोझी गांव से कानीबोझी चौराहे तक जाने वाले जर्जर सड़क।
कुरुक्षेत्र। लंबे समय से प्रतीक्षित एलिवेटेड ट्रैक पर मार्च माह तक ट्रेन दौड़ने की उम्मीद जगी है। एलिवेटिड ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और आधुनिक रेलवे स्टेशन का कार्य जोरों पर है। पुराने रेलवे स्टेशन की जगह पर मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर नया स्टेशन तेजी से बन रहा है और मार्च तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। छह किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, अब स्टेशन और प्लेटफाॅर्म का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। कार्य पूरा होते ही ट्रेन को हरी झंडी दी जाएगी।
हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम (एचआईआरडीसी) की ओर से करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। इसमें से करीब 250 करोड़ रुपये का बजट केवल एलिवेटेड ट्रैक पर खर्च किया गया है। थानेसर के पुराने स्टेशन की जगह पर एलिवेटेड के नीचे नया स्टेशन बनाया जा रहा है और उसके ऊपर 600 मीटर लंबा प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म को सहारा देने के लिए 22 मजबूत स्तंभ तैयार किए जा चुके हैं, जिन पर स्लैब टिकाए गए हैं और अब प्लेटफॉर्म निर्माण दिन-रात जारी है। इसका 70 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है।
स्टेशन परिसर में आधुनिक बुकिंग काउंटर, लिफ्ट और एस्केलेटर, बेहतर वेटिंग एरिया, उन्नत सुरक्षा प्रबंधन जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों को स्टेशन पर एक नया अनुभव मिलेगा। एलिवेटेड ट्रैक और नए स्टेशन के पूरा होने से थानेसर शहर में यातायात काफी सुगम होगा। शहर के पांच रेलवे फाटक हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे जिससे रोजाना लगने वाले जाम की समस्या खत्म होगी। इससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी। प्रोजेक्ट अंतिम चरण में है और मार्च तक पूरा होने की योजना ने शहरवासियों में उत्साह बढ़ा दिया है। नया स्टेशन न केवल क्षेत्र की पहचान बढ़ाएगा बल्कि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव भी देगा। यह आधुनिक स्टेशन शहर के विकास में बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से किया जा रहा लगातार निरीक्षण
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति को सुनिश्चित करने के लिए पिछले सप्ताह डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सैनी भी दो बार निर्माण कार्य का जायजा ले चुके हैं। सांसद भी लगातार अधिकारियों से संपर्क में हैं और प्रोजेक्ट की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।
मार्च माह तक पूरा होगा कार्य
स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि स्टेशन का कार्य जारी है और उम्मीद है कि मार्च माह तक पूरा होगा। इसके बाद ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे शहरवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी।