कुरुक्षेत्र। फेसबुक पर सस्ते ड्राई फ्रूट का विज्ञापन देखकर एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने सामान भेजने और रिफंड के नाम पर उसके खाते से 2.86 लाख रुपये निकाल लिए।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा कमेटी में कार्यरत सर्बजीत सिंह ने पुलिस को बताया। उन्होंने श्रीराम ड्राई फ्रूट्स का विज्ञापन देखा था, जिसमें कम कीमत पर काजू-बादाम का दावा था। संपर्क करने पर उन्होंने पहले 10 रुपये और फिर 3040 रुपये फोन-पे से भेजे। 17 अगस्त को आरोपी ने सामान पहुंचने और रकम वापस करने की बात कही। ठग ने फोन-पे पर कोड डालने को कहा, जिससे खाते से पैसे कट गए। रिफंड की प्रक्रिया बताकर ठग ने अलग-अलग कोड डलवाए और पांच बार में 2.86 लाख रुपये ठग लिए। साइबर विशेषज्ञ एएसआई सुनील कुमार ने ऑनलाइन खरीदारी में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि रिफंड के लिए यूपीआई पिन या कोई कोड डालने की जरूरत नहीं होती।