खेलो हरियाणा में हिस्सा लेने वाले साइकिलिंग खिलाड़ियों के लिए यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आसान नहीं होने वाली है। यहां तक कि खिलाड़ी ट्रैक रेस में अपनी ट्रैक साइकिल का भी इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। आज वीरवार को खेलो हरियाणा प्रतियोगिता के तहत 22 जिलों के बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, साइकिलिंग व हॉकी के खिलाड़ी कुरुक्षेत्र दस्तक देंगे। 27 अगस्त से 29 अगस्त तक होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीत के लिए हर खिलाड़ी जी जान लगाकर मेहनत कर रहा है, मगर विपक्षी टीम से ज्यादा खेल के मैदान उनकी कड़ी परीक्षा लेंगे। खेलो हरियाणा के तहत हॉकी मैच शाहाबाद के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर होंगे तथा बास्केटबॉल, वॉलीबॉल व साइकिलिंग प्रतियोगिता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल मैदान होगी। हॉकी, बास्केटबॉल व वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए मैदान तैयार है, मगर ट्रेक साइकिलिंग के खिलाड़ियों को कच्चे मैदान पर ही खुद को साबित करना होगा। केयू के कच्चे मैदान पर ट्रेक रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें उनकी खूब जोर आजमाइश होगी। इसमें खिलाड़ियों को अपनी ट्रैक साइकिल की जगह रोड साइकिल का इस्तेमाल करना होगा, क्योंकि ट्रैक साइकिल का इस्तेमाल केवल वेलोड्रम पर ही किया जा सकता है। ऐेसे में खिलाड़ियों को जीत के लिए खूब पसीना बहाना होगा। वहीं रोड साइकिलिंग के खिलाड़ियों के लिए भी प्रतियोगिता आसान नहीं होने वाली है। जिस स्थान पर रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना, वह रोड कुरुक्षेत्र से करीब 20 किलोमीटर दूर है। यह सफर भी उनको खुद साइकिल के साथ ही तय करना होगा। खिलाड़ियों को रोड रेस के लिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने के प्रशासन की तरफ से कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
डीएसओ बलबीर सिंह ने बताया कि खेलो हरियाणा में ट्रैक साइकिलिंग व रोड साइकिलिंग दो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ट्रैक साइकिलिंग केयू में होगी। वहीं जब उनसे पूछा गया कि ट्रेक साइकिलिंग कच्चे मैदान पर होगी तो उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में वेलोड्रम नहीं है। हालांकि ट्रैक साइकिलिंग में खिलाड़ियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। वहीं रोड साइकिलिंग निर्माणाधीन नेशनल हाईवे 152 डी इकोनॉमिक कॉरिडोर (गंगहेड़ी-नारनौल) पर होगी। यह हाईवे सिक्स लेन है और अभी इसे जनता के लिए नहीं खोला गया है। फिर भी रोड के प्रवेश द्वार को बंद किया जाएगा। उधर, खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह का कहना है कि वह अधिकारियों से बातचीत करेंगे। खिलाड़ियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
साइकिलिंग कोच पंजाब सिंह ने बताया कि साइकिलिंग में हर जिले के महिला व पुरुष सात खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 27 व 29 अगस्त को ट्रैक साइकिलिंग होगी, जिसमें स्प्रिंट रेस में तीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह रेस तीन हजार मीटर की होगी। वहीं प्रशूट रेस में 10 किलोमीटर की ग्रुप रेस होगी। इसके अलावा 28 अगस्त को रोड रेस का आयोजन किया जाएगा। पुरुष वर्ग के लिए अविभाज्य टाइम ट्रेवल रेस 30 किमी तथा महिलाओं के 20 किमी की होगी। इसमें हर जिले से दो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वहीं ग्रुप रेस पुरुष वर्ग के लिए 70 किमी तथा महिलाओं के लिए 50 किमी की होगी।
वेलोड्रम को लेकर थानेसर विधायक सुुभाष सुधा व खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह के बीच पेंच फंसा हुआ है। थानेसर विधायक सुभाष सुधा गांव पलवल में 20 एकड़ जमीन पर स्वर्ण जयंती स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव विधानसभा में रख चुके है। प्रेस विज्ञप्ति में सुधा ने कहा कि सीएम की घोषणा क्रमांक नंबर 13716 दिनांक 31 जुलाई 2016 के अनुसार गांव पलवल में 20 एकड़ भूमि पर निर्मित किए जाने स्वर्ण जयंती स्टेडियम के लिए भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति एवं विभाग द्वारा एक करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। ग्राम पंचायत की तरफ से 20 एकड़ छह कनाल सात मरले जमीन देने का प्रस्ताव भी दिया गया है। वहीं खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह का कहना है कि इस मैदान से 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार गुजर रही है। शहर के पांच किलोमीटर के एरिया में द्रोणाचार्य स्टेडियम भी है। पलवल में बास्केटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित अन्य निर्माण करने का फैसला लिया गया है। गांव की सुविधा के लिए स्टेडियम बनेेगा।