संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। शाहाबाद के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर शनिवार को पुरुष हॉकी मैच से कुरुक्षेत्र में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आगाज होगा। पुरुष हॉकी लीग के मैच 4 से 10 जून तक खेले जाएंगे। सुबह व सायं के सत्र में दो-दो लीग मैच होंगे। यहां कुल 12 मैच होंगे और सेमीफाइनल और फाइनल पंचकूला में होगा।
सुबह सात बजे झारखंड और ओडिशा के बीच खेलो इंडिया का पहला मुकाबला होगा। इस प्रतियोगिता के लिए पूल ए और बी बनाए गए हैं। पूल ए में झारखंड, मणिपुर, ओडिशा और चंडीगढ़ तथा पूल बी में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और बिहार को शामिल किया गया है। इन आठ 8 राज्यों की टीम के बीच कुल 12 लीग मैच खेले जाएंगे। यह मैच 4, 5 और 7 जून को खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में 6 और 8 जून को विश्राम का दिन रखा गया है।
पहले मैच के बाद सुबह नौ बजे पूल ए का ही दूसरा मैच मणिपुर और चंडीगढ़ के बीच खेला जाएगा। इसी दिन साढ़े तीन बजे पूल बी की टीम उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच तीसरा और शाम साढ़े पांच बजे पूल बी की मेजबान टीम हरियाणा और पंजाब के बीच मैच होगा। अगले दिन सुबह के सत्र में सात बजे झारखंड और मणिपुर, नौ बजे ओडिशा और चंडीगढ़, शाम के सत्र में पंजाब व बिहार और साढ़े पांच बजे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच मैच खेला जाएगा। सात जून को सुबह सात बजे झारखंड और चंडीगढ़, नौ बजे मणिपुर और ओडिशा, सायं के सत्र में उत्तर प्रदेश व पंजाब तथा हरियाणा और बिहार के बीच लीग का अंतिम मैच खेला जाएगा।
खेलो इंडिया में जिले के 39 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
खेलो इंडिया गेम्स में जिले के 39 महिला व पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों में गतके के सबसे अधिक 16 खिलाड़ी शामिल है। इसके अलावा शूटिंग 10 मीटर राइफल में तीन, साइकिलिंग के दो, हॉकी के 11, जूडो के दो तथा वॉलीबॉल के पांच खिलाड़ी शामिल है।
डीसी ने की समीक्षा
डीसी मुकुल कुमार ने जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की समीक्षा की। खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी फीडबैक ली। वहीं जिला खेल अधिकारी राम निवास ने बताया कि नौ जून को सुबह 8 बजे पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पूल ए की प्रथम स्थान रही औ पूल बी की दूसरे स्थान पर रही टीम के बीच मैच होगा। सुबह 10 बजे पूल बी की प्रथम रही टीम का पूल एक की दूसरे स्थान की टीम से मैच होगा। अगले दिन सुबह 8 बजे तीसरे और चौथे स्थान के लिए मैच होगा और सुबह 10 बजे फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता के नियमानुसार विजेता टीम को तीन अंक, ड्रॉ होने पर दोनों टीमों को 1-1 अंक और हारने वाली टीम को कोई भी अंक नहीं दिया जाएगा।
खर्च हुए 150 करोड़ रुपये : संदीप सिंह
खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने बताया कि हरियाणा में चार से 13 जून तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत पंचकूला में 19 खेल, चंडीगढ़ में दो अंबाला में दो, शाहाबाद में एक और दिल्ली में दो खेल आयोजित किए जाएंगे। इन खेलों में 8500 से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे। इन खेलों के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। सरकार ने खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।