कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय कुरुक्षेत्र में मनोविज्ञान परिषद, परामर्श प्रकोष्ठ और मेंटल हेल्थ एंड वेल-बीइंग क्लब के सहयोग में परीक्षा तनाव : कारण, प्रबंधन एवं नीतियां विषय पर परामर्श सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव, उसके प्रभाव और उसे नियंत्रित करने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई। मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. उर्मिला पंघाल ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए थोड़ा-बहुत तनाव आवश्यक है, जो प्रेरणा का कार्य करता है लेकिन अत्यधिक तनाव मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। परीक्षा तनाव में छात्राओं में नींद न आना, घबराहट, पेट दर्द, सिर दर्द, एकाग्रता की कमी, चिड़चिड़ापन, तेज धड़कन, याद न रहना, गुस्सा आना और मांसपेशियों में जकड़न जैसे लक्षण दिखाई देना आम है।
डॉ. उर्मिला ने परीक्षा तनाव के प्रमुख कारणों पर भी प्रकाश डाला और तनाव प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि हर विषय का टाइम-टेबल बनाकर पढ़ाई करें, 30 मिनट की पढ़ाई के बाद पांच मिनट का ब्रेक लें, प्रतिदिन छह से आठ घंटे की नींद अवश्य लें, पोषक भोजन लें और हाइड्रेटेड रहें, पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्र हल करें, प्रतिदिन हल्का व्यायाम और सैर करें, फोन और सोशल मीडिया का समय सीमित करें, मेमोरी पैलेस तकनीक का प्रयोग करें और रिलेक्सेशन तकनीकों का अभ्यास करें।
प्राचार्या डॉ. उपासना आहुजा ने कहा कि समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है। मोबाइल पर समय व्यर्थ न करते हुए नियमित अध्ययन, पर्याप्त नींद और अनुशासित दिनचर्या से परीक्षा तनाव कम किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। सत्र में 257 छात्राओं की काउंसलिंग की गई।