कुरुक्षेत्र। उत्कृष्ट महिला वैज्ञानिकों व शोधार्थियों को सम्मानित करने के दौरान प्रोत्साहित कर
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में वूमेन इन स्टेम फोरम (विस) की ओर से शुक्रवार को सीनेट हॉल में अवार्ड समारोह आयोजित किया गया। मुख्यातिथि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और गणित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिष्ठित महिला संकाय सदस्यों और शोधार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में तीन महिला संकाय सदस्यों, तीन शोधार्थियों और एक पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो को विस फोरम अवार्ड से सम्मानित किया गया।
विस फैकल्टी में उच्चतम प्रभावशाली शोध पत्र के लिए रसायन विभाग की डॉ. नीरा राघव, सर्वाधिक साइटेशन के लिए बायोटेक्नोलॉजी विभाग की डॉ. अनीता यादव और सर्वाधिक पेटेंट के लिए यूआईईटी के मेकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से डॉ. परिणम अनुराधा को सम्मानित किया गया। शोधार्थियों के लिए निर्धारित श्रेणियों में कैटेगरी-पांच विस फोरम अवार्ड फॉर बेस्ट फीमेल रिसर्च स्कॉलर में रसायन विज्ञान की चंचल वशिष्ठ, जूलॉजी विभाग की अंशु और इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी क्षेत्र से प्रभजोत कौर को सम्मान प्रदान किया गया। वहीं कैटेगरी-छह बेस्ट पोस्ट डॉक्टोरल फेलो में फिजिक्स विभाग की डॉ. दिव्या गुप्ता को अवार्ड प्रदान किया गया।
कुलपति ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी इंजीनियरिंग एवं गणित के क्षेत्र में महिलाओं का बढ़ता योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। विज्ञान में महिलाओं का योगदान सदैव असाधारण रहा है और वैश्विक वैज्ञानिक प्रगति में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों का दायित्व है कि वे ऐसा वातावरण तैयार करें जहां महिलाएं विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों और निर्भीक होकर नवाचार कर सकें। वूमेन इन स्टेम फोरम के माध्यम से महिला संकाय सदस्यों और शोधार्थियों को मंच प्रदान करना इसी दिशा में उठाया हुआ एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. अनीता भटनागर ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। लैंगिक समानता को बढ़ावा देने वाली नीतियों, छात्रवृत्तियों, मेंटरशिप और नेटवर्किंग कार्यक्रमों ने महिलाओं के लिए स्टेम में नए मार्ग खोले हैं। अधिक महिलाएं नेतृत्व की भूमिकाओं में आगे आ रही हैं। इस मौके पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. संजीव अग्रवाल, डीन साइंसेज प्रो. विनोद, डॉ. उर्मिला, डॉ. मोनिका सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।