कुरुक्षेत्र। उपभोक्ताओं की समस्या सुनते चेयरमैन मदन गोपाल जिंदल। संवाद
कुरुक्षेत्र। बिजली निगम की ओर से आयोजित खुले दरबार में मंगलवार को तीन प्रमुख शिकायतें पहुंचीं। इनमें से दो का मौके पर समाधान कर दिया गया जबकि एक मामले में अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। उपभोक्ताओं ने बिलिंग गड़बड़ी, कनेक्शन जारी न करने और मीटर विवरण उपलब्ध न कराने जैसी समस्याएं उठाईं। बिजली निगम चेयरमैन मदन गोपाल जिंदल ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्या के समाधान के लिए हर मंगलवार को बिजली अदालत लगाई जाती है। इसमें मौके पर ही लोगों की समस्या का समाधान कराया जाता है।
हर बार मिल रहा आश्वासन, रिफंड नहीं
शिकायतकर्ता कल्याण नगर वासी धर्मवीर ने बताया कि उन्होंने अपने घर पर सोलर सिस्टम लगवाया था। इस दौरान विभाग ने उनका बिजली मीटर बदल दिया जिसके बाद 26 हजार रुपये का बिल आया और अगले महीने 41 हजार रुपये का बिल भेज दिया गया। धर्मवीर का आरोप है कि निगम अधिकारियों ने पहले बिल जमा कराने और बाद में रिफंड देने का आश्वासन दिया। बिल भरने के बावजूद अब तक राशि वापस नहीं की गई। उन्होंने बताया कि वे सात से आठ बार निगम कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
गार्डन सिटी में कनेक्शन पर विवाद
गार्डन सिटी सेक्टर-30 के मकान मालिक दर्शन लाल मुखिजा ने बताया कि उन्होंने 9 फरवरी 2026 को नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था लेकिन विभाग बिजली चोरी की राशि जमा कराने की शर्त पर कनेक्शन जारी करने की बात कह रहा है। उनका कहना है कि प्लॉट शमीशा लैंड डेवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से खरीदा गया था जिसने निर्माण के दौरान अस्थायी बिजली कनेक्शन दिया था। उपभोक्ता छह माह का तीन हजार रुपये और बाद में 500 रुपये का बिल चेक से जमा करा चुके हैं। 7 फरवरी को निगम टीम ने मीटर उतार लिया लेकिन अभी तक नया मीटर नहीं लगाया गया।
विश्वकर्मा मंदिर सभा ने मांगी मीटर की जानकारी
रेलवे रोड स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर सभा के प्रधान कृष्ण चंद ने संस्था से जुड़े बिजली मीटरों की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि वर्ष 2011 में आपसी विवाद के बाद रिकॉर्ड दूसरे पक्ष के पास चला गया था और उसी दौरान मीटर अपने नाम ट्रांसफर करवा लिए गए। वर्तमान कमेटी के पास मीटर नंबर व कनेक्शन विवरण नहीं है। ऐसे में उन्हें बिजली बिल भरने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।