संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने अलग-अलग मामले में पंजाब से जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपी पंजाब से ट्रक में छिपाकर नशीला पदार्थ जिले में लेकर आते थे और सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपी मेजर सिंह निवासी गोल्डन इंक्लेव नजदीक चर्चराजपुरा, सतपाल वासी लालडू (पटियाला) को दो किलो अफीम और गुरजंट सिंह वासी राजपुरा को 13 किलो चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार करके 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने बताया कि शुक्रवार की रात एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम लाडवा में बोहली मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि मेजर सिंह व सतपाल अफीम बेचने का धंधा करते है। दोनों आज भी अपने ट्रक में करनाल से होकर राजपुरा (पंजाब) जा रहे है। सूचना पर पुलिस टीम ने देवी लाल पार्क के सामने जीटी रोड पर नाकाबंदी करके पुलिस उप-अधीक्षक लाडवा भारत भूषण को मौके पर बुलाया।
कुछ समय बाद पुलिस ने दिल्ली से आए ट्रक की तलाशी ली तो चालक की सीट के पीछे से दो किलो अफीम बरामद हुई। आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगामी जांच के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया है। वहीं अन्य मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने ट्रक चालक गुरजंट सिंह को प्रतापगढ़ मोड जीटी रोड पर नाकाबंदी के दौरान 13 किलो चूरा पोस्त के साथ काबू किया।
आरोपी अपने टक में चूरा पोस्त छिपाकर लुधियाना जा रहा था। थाना सदर थानेसर में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि मामले में लिप्त अन्य आरोपियों को काबू किया जा सकें।