कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-एक टीम ने अवैध असला रखने के मामले में आरोपी मजिंद्र सिंह वासी कुम्हार माजरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गत 28 अगस्त को पुलिस टीम अपराध तलाश के संबंध में मीना मार्किट शाहाबाद के पास मौजूद थी। गुप्त सूचना मिली जगतार सिंह उर्फ जग्गा वासी चनारथल जिला फतेहगढ़ पंजाब अपने कुछ साथियों के साथ गाड़ी में अमन होटल शाहाबाद के पास घूम रहा है जिनके पास अवैध असला है। अगर अमन होटल पहुंचकर निगरानी की जाए तो जगतार सिंह उर्फ जग्गा अवैध असले के साथ काबू आ सकता है। सूचना पर पुलिस टीम ने अमन होटल पहुंचकर नाके पर तैनात पुलिस टीम के साथ चैकिंग शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने शक के आधार पर जब गाड़ी को रुकवाया तो उसमें से चार पांच युवक उतरकर भाग लिए। पुलिस टीम ने गाड़ी में बैठे एक लड़के को काबू किया।
आरोपी ने अपना नाम जगतार सिंह उर्फ जग्गा वासी चनारथल जिला फतेहगढ़ पंजाब बताया। पुलिस टीम की ओर से उसकी गाड़ी की तलाशी लेने पर एक पिस्तोल बरामद हुआ। 26 सितंबर में अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने मामले में शामिल आरोपी पंजाब सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।
30 सितंबर को टीम ने मामले में शामिल एक और आरोपी मजिंद्र सिंह वासी कुम्हार माजरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर कारागार भेज दिया।