जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों की लगी भीड़। संवाद
पानीपत। चिकित्सकों की चार दिन की हड़ताल के दौरान जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे की बिगड़ी स्थिति शनिवार को भी सामान्य नहीं हो पाई है। अस्पताल में इसके लिए मरीजों की प्रतीक्षा सूची बढ़ गई है। हड़ताल के दौरान करीब 100 अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाए थे। इनमें ज्यादातर गर्भवती महिलाएं हैं। शनिवार को भी पूरा दिन जांच के बाद भी प्रतीक्षा सूची बनी रही।
सरकारी चिकित्सक सोमवार को पहले दो दिन सामूहिक अवकाश पर रहे और फिर दो दिन बेमियादी हड़ताल पर चले गए थे। सरकार के स्तर पर चिकित्सकों की मांग मान ली गई। चिकित्सक शुक्रवार को काम पर लौटे थे। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी। अस्पताल की ओपीडी से लेकर इमरजेंसी और फिर अल्ट्रासाउंड के लिए लाइन लग गई थी। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार को सुबह ही मरीज ओपीडी में पहुंच गए। अस्पताल में करीब 1600 लोग ओपीडी में पहुंचे। वहीं अल्ट्रासाउंड के लिए सुबह ही मरीज पहुंच गए। यहां पूरा दिन लाइन लगी रही। इनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल रही। राजीव कॉलोनी की आरती ने बताया कि तीन दिन से अल्ट्रासाउंड नहीं करा पा रही थी। उनका शनिवार को अल्ट्रासाउंड हुआ है। काबड़ी रोड की प्रीति ने बताया कि उनके पति रमेश को पेट में दर्द था। वे शनिवार को दोपहर के समय अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे थे। उनका अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाया। उनको वापस आना पड़ा।
ओपीडी में मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। सभी चिकित्सक पूरा समय मरीजों की जांच कर रहे हैं। अल्ट्रासाउंड भी लगातार किया जा रहा है। यह भी एक-दो दिन में सामान्य हो जाएगा।
- डॉ. श्याम लाल, एमएस, जिला नागरिक अस्पताल।