कुरुक्षेत्र। पिछले करीब तीन साल से शहरवासियों के सिरदर्द बनी पिपली-थर्ड गेट की सड़क का निर्माण कार्य अब जल्द पूरा होने की आस जगी है। पहले जहां पिछली एजेंसी द्वारा सड़क को उखाड़ कर छह-छह माह तक बनाया नहीं जा रहा था, वहीं नई एजेंसी द्वारा पिछले करीब एक सप्ताह में 30 प्रतिशत निर्माण किया है। जिससे पूरी सड़क का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कहा जा सकता है।
एजेंसी की इस गति को देखते हुए शहरवासी राहत की सांस ले रहे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी चार माह में यह निर्माण पूरा हो जाएगा। फिलहाल एजेंसी ने पिपली गीता द्वार से लेकर सेक्टर दो व तीन के कट और नए बस अड्डे से लेकर अग्रसेन चौक तक सड़क को उखाड़ा हुआ है। करीब ढाई किलोमीटर के टुकड़े पर बिछी बजरी और उड़ती धूल के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
विज्ञापन
वहीं धूल से आसपास की दुकानों में रखा सामान भी खराब हो रहा है। इस पूरी सड़क का करीब चार किलोमीटर हिस्सा ही ऐसा रह गया है, जिसे उखाड़ कर दोबारा बनाया जाना है। इसके अलावा श्रद्धानंद चौक से लेकर निरंकारी भवन तक भी सड़क को हाल ही में उखाड़ा गया है। एजेंसी द्वारा दिन के साथ-साथ रात में भी सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
विधायक सुभाष सुधा का कहना है कि शहर के बीचोबीच से गुजर रहे मोहन नगर ओवरब्रिज पर सड़क निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। बस अंतिम पारी बाकी है। एजेंसी की ओर से सड़क का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। चार माह में यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी।