कुरुक्षेत्र। पिछले एक सप्ताह तक बनी ठंडक के बाद अब मौसम ने फिर करवट ले ली है। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस बदलाव का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। अस्पतालों में वायरल इंफेक्शन, बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
इन दिनों हर तीसरा मरीज वायरल संक्रमण से ग्रसित पाया जा रहा है। फिजिशियन की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जहां सामान्य दिनों में अस्पतालों की ओपीडी करीब 1400 के आसपास रहती थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 1600 तक पहुंच गया है इनमें सबसे अधिक संख्या बच्चों और बुजुर्गों की है, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर होती है।
दिन में गर्मी और सुबह-शाम की ठंड बिगाड़ रही स्वास्थ्य : डॉ. गौरव
फिजिशियन डॉ. गौरव चावला ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव होने से शरीर को खुद को ढालने में समय लगता है ऐसे में लोग जल्दी बीमार पड़ जाते हैं। दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंड के कारण लोग अक्सर लापरवाही कर बैठते हैं, जिससे सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इस समय वायरल इंफेक्शन तेजी से फैल रहा है, जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से पहुंच सकता है। स्कूल जाने वाले बच्चों में भी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें : डॉ. अनिल त्यागी
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल त्यागी ने कहा कि बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और संतुलित आहार लें। यदि बुखार, खांसी या जुकाम के लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें और खुद से दवा लेने से बचें।
आहार में करें तबदीली : नरेंद्र कौर
डायटीशियन नरेंद्र कौर ने कहा कि ऐसे मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ताकि शरीर पानी से भरपूर रहे इसके साथ ही ताजा और पौष्टिक भोजन का सेवन करें, जिसमें हरी सब्जियां, फल और विटामिन सी युक्त आहार शामिल हो। बाहर का तला-भुना और ठंडा खाना खाने से बचें।
कुरुक्षेत्र। फिजिशियन गौरव चावला।
कुरुक्षेत्र। फिजिशियन गौरव चावला।